Dark Mode
विश्व क्षय रोग दिवस पर 100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत” अभियान का शुभारंभ

विश्व क्षय रोग दिवस पर 100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत” अभियान का शुभारंभ

हमारा प्रयास हर मरीज को समय पर इलाज मिले - जिला कलक्टर

झालावाड़। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को स्वास्थ्य भवन स्थित एएनएम ट्रेनिंग सेन्टर में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर जिले में 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरूआत की गई। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि आज विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर हम सभी एक अत्यंत महत्वपूर्ण संकल्प के साथ एकत्रित हुए हैं-“टीबी मुक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प। इसी दिशा में आज से हमारे जिले झालावाड़ में 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। क्षय रोग केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक चुनौती भी है। लेकिन यह पूरी तरह उपचार योग्य और नियंत्रित रोग है, यदि समय पर जांच और सही उपचार मिल जाए। हमारा प्रयास है कि जिले का कोई भी व्यक्ति इस बीमारी से ग्रसित न हो और हर मरीज तक समय पर इलाज पहुंचे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हर्षवर्द्धन शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में आमजन के लिए बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही टीबी रोग की रोकथाम में भी जिला अग्रणी है। इस दौरान उपाध्यक्ष चन्द्रमोहन धाभाई एवं नगर परिषद् के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत ने भी क्षय रोग की रोकथाम एवं इसके उपचार हेतु जनजागरूकता पर अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिला कलक्टर राठौड़ के मार्गदर्शन में झालावाड़ जिला स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर ने निर्देशन में जिले में नि-क्षय मित्र पोषण किट वितरण में झालावाड़ में बेहतरीन उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी मुकेश कुमार बंसल ने 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत घर-घर स्क्रीनिंग, निःशुल्क जांच, मुफ्त दवाइयों की उपलब्धता तथा पोषण सहायता जैसी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, ताकि लोग टीबी के लक्षणों को पहचानें और बिना झिझक जांच कराएं। कार्यक्रम से पूर्व जिला कलक्टर द्वारा 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान प्रकाश वर्मा, संदीप क्षोत्रिय, चिकित्सा विभाग के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रीतम शर्मा व राजेन्द्र शर्मा ने किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!