अल्प्राजोलम ड्रग के साथ 2 गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़. पुलिस ने एमपी से अजमेर की ओर ड्रग ले जाते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन किलो 50 ग्राम अल्प्राजोलम नशीला पाउडर जब्त किया। यह ड्रग अजमेर से आगे देश के अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाना था। दोनों आरोपी केरियर के रूप में काम करते हैं। मामला सदर निंबाहेड़ा का है।
एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि थानाधिकारी विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चित्तौड़गढ़-नीमच हाईवे रोड पर थाने के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान नीमच की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। कार को रुकवा कर तलाशी ली तो पिछली सीट पर कपड़े की थैली रखी हुई थी। उसे चेक किया तो उसके अंदर 4 प्लास्टिक की और थैली रखी थीं। उन थैलियों में अल्प्राजोलम नशीला पाउडर भरा हुआ था। पुलिस में कार ड्रग को जब्त करते हुए मंदसौर निवासी धर्मराज पुत्र रतन लाल जटिया और अमजद खान पुत्र मोहम्मद खान मेवाती को गिरफ्तार कर लिया।
अजमेर से होना था अन्य राज्यों में सप्लाई
दोनों आरोपियों से जब पुलिस ने पूछा कि यह पाउडर जैसा क्या है तो बताया कि दोनों अजमेर दरगाह जा रहे हैं वहां चढ़ाएंगे। पुलिस को शक हुआ कि पाउडर क्यों चढ़ाया जाएगा। इस पर पुलिस ने पाउडर को टेस्ट करके भी देखा तो पता चला कि यह एक ड्रग है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कैरियर के रूप में काम करते हैं। उन्हें यह ड्रग अजमेर तक पहुंचानी थी। इसके लिए उन्हें 50 से 60 हजार रुपए तक मिले थे। आरोपियों ने बताया कि अजमेर से यह ड्रग देश के अन्य राज्य कोलकाता, हिमाचल प्रदेश और सूरत में सप्लाई की जानी थी। बताया जा रहा है कि यह ड्रग 30 लाख रुपए प्रति किलो में मिलती है। आज के युवा ऐसे कई ड्रग की चपेट में आ रहे हैं। इसको इंजेक्शन, नाक से सूंघ कर या पानी में घोलकर लेते हैं।