अवैध हथियार के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
शिवदासपुरा. थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ 3 जनों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। गिरफ्तार आरोपी रोहन मलिक दौसा, गणेश मेघवाल फलोदी व मोहम्मद इश्तियाक खो नागोरियन इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों से 7 देशी पिस्टल व 2 मैगजीन बरामद की है। थानाधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत सूचना मिली थी कि विधानी से गोनेर जाने वाले रोड पर द्रव्यवती नदी के पास झाड़ियों में 4 संदिग्ध लोग बैठे है और वे अवैध रूप से हथियार बेचने की फिराक में थे। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उनकी तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के पास से 7 देशी पिस्टल व 2 मैगजीन मिली है। पुलिस ने अवैध हथियार को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को निरुद्ध कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।