अमेरिका का बांग्लादेश पर 35% टैरिफ, भारत को मिलेगा व्यापार में फायदा
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बांग्लादेश पर 35% टैरिफ लगाने के ऐलान के बाद भारतीय टेक्सटाइल सेक्टर के शेयरों में 8% तक की तेजी है। ऐसा इसलिए क्योंकि 35% टैरिफ से बांग्लादेश की निर्यात लागत बढ़ेगी, जिससे अमेरिकी बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धा कमजोर होगी। इसका फायदा भारत को मिल सकता है। अमेरिकी बाजार में भारत अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकता है।
डोनाल्ड ट्रम्प ने बांग्लादेश पर टैरिफ क्यों लगाया?
ट्रम्प का कहना है कि बांग्लादेश के साथ अमेरिका का ट्रेड डेफिसिट (व्यापार घाटा) काफी ज्यादा है। उनका मकसद बांग्लादेश के बाजारों को अमेरिकी सामानों के लिए खोलना और वहां के टैरिफ व अन्य व्यापार बाधाओं को खत्म करना है। अगर बांग्लादेश ऐसा करता है, तो टैरिफ में बदलाव की गुंजाइश भी रखी गई है।
भारतीय टेक्सटाइल कंपनियों को इससे फायदा कैसे होगा?
अमेरिका के रेडी-मेड गारमेंट मार्केट में बांग्लादेश का शेयर 9% है, जबकि भारत का शेयर करीब 6% है। वियतनाम 19% के साथ सबसे आगे है। बांग्लादेश पर टैरिफ लगने से उसके उत्पाद अमेरिका में महंगे हो जाएंगे। इससे भारतीय कंपनियों को वहां के मार्केट में हिस्सेदारी बढ़ाने का मौका मिल सकता है। अगर भारत और अमेरिका के बीच कोई ट्रेड डील होती है, तो भारत का फायदा और बढ़ सकता है।
बांग्लादेश पर टैरिफ का क्या असर पड़ेगा?
टैरिफ से बांग्लादेश की इकोनॉमी कमजोर हो सकती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि उसकी अर्थव्यवस्था का 80% हिस्सा टेक्सटाइल और गारमेंट एक्सपोर्ट पर टिका है। अमेरिका उसका बड़ा बाजार है और इस फैसले से वहां कई फैक्ट्रियां बंद होने की नौबत आ सकती है और मजदूरों, खासकर महिलाओं, पर असर पड़ेगा। बांग्लादेश सरकार अब अमेरिका से बातचीत की कोशिश में है ताकि टैरिफ में राहत मिल सके।