Dark Mode
अहमदाबाद में जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान बालकनी गिरी

अहमदाबाद में जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान बालकनी गिरी

यात्रा देख रहे एक युवक की मौत, 3 बच्चों समेत 10 घायल


अहमदाबाद . अहमदाबाद के दरियापुर काडियानाका रास्ते में मंगलवार को एक इमारत की दूसरी मंजिल की बालकनी का हिस्सा गिर गया। इसकी चपेट में आकर रथयात्रा के दर्शन कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। 3 बच्चों समेत 10 लोग घायल हुए हैं जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है।

अहमदाबाद के जमालपुर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा सुबह 7.40 बजे निकली थी। शाम 5 बजे तीनों रथ दरियापुर पहुंचे। यहां इन्हें एक मंदिर के पास करीब 15 मिनट रोका गया। पूजा-अर्चना के बाद ये रवाना हुए। जब ये कडियानाका इलाके में पहुंचे तो यह हादसा हो गया। हालांकि, अब रथयात्रा कडियानाका से रवाना हो गई है।
महानगर पालिका की भी लापरवाही
इस हादसे के पीछे अहमदाबाद महानगर पालिका की लापरवाही भी सामने आई है। रथ यात्रा मार्ग के सभी खतरनाक और जर्जर घरों को नोटिस दिया जाना था। लेकिन जांच के बाद भी इस मकान के लिए कोई नोटिस जारी नहीं किया गया था। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था तब महानगर पालिका की टीम नोटिस लेकर घर पहुंच गई।
अहमदाबाद में देश की दूसरी सबसे बड़ी जगन्नाथ रथ यात्रा
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा मंगलवार को देशभर में निकाली जा रही है। ओडिशा के पुरी में होने वाली रथयात्रा के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रथयात्रा अहमदाबाद के जमालपुर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में होती है। गृहमंत्री अमित शाह ने सुबह जमालपुर जगन्नाथ मंदिर में परिवार समेत मंगला आरती की।

अहमदाबाद में रथयात्रा सुबह 7 बजे शुरू हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पाहिंद विधि कर रथ यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले सुबह 4.30 बजे भगवान को खिचड़ा हुआ। 6.30 बजे भगवान की तीनों मूर्तियों को रथ में विराजमान किया गया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!