ओडिशा में पुलिया गिरी, पिता और 4 बच्चों की मौत
भुवनेश्वर. ओडिशा के रायगड़ा में सोमवार सुबह एक अंडर कंस्ट्रक्शन पुलिया गिर गई। हादसे में 4 बच्चों पांच लोगों की मौत हो गई। चारों बच्चे अपने पिता के साथ पुलिया के नीचे नहा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया। पति और बच्चों की मौत के बाद महिला ने भी जहर खा लिया, लेकिन उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गांव के लोग पुलिया में बर्तन साफ करते हैं
कल्याण सिंहपुर के बीडीओ (ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर) सुनील खारा ने बताया- पुलिया का निर्माण पिछले दो महीनों से चल रहा था। गांव के लोग यहां नहाने और बर्तन धोने के लिए आते थे। सोमवार को पुलिया के नीचे पांच लोग नहा रहे थे। तभी पुलिया ढह गई, जिसके मलबे में दबने से सभी की मौत हो गई।
17 लाख की लागत से बनी थी पुलिया
खारा ने कहा कि अभी पुलिया ढहने की वजह पता नहीं चल सकी है। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश इसकी एक वजह हो सकती है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ये 4.5 किमी की सड़क बन रही थी, इसकी लागत 2 करोड़ रुपए है। सड़क के बीच में पड़ने वाले नाले के ऊपर 17 लाख की लागत से पुलिया बनाया जा रहा था।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख देने का ऐलान किया
ओडिशा के अनुसूचित जाति एवं जनजाति मंत्री (वो कानून मंत्री भी हैं) जगन्नाथ साराका ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि निर्माण खराब गुणवत्ता का था या नहीं इसकी जांच की जाएगी। पुलिया बना रहे ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतकों के परिजन को 4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।