Dark Mode
गांधी जयंती पर बच्चों ने दिया सुरक्षित बचपन का संदेश

गांधी जयंती पर बच्चों ने दिया सुरक्षित बचपन का संदेश

चित्तौड़गढ़। गांधी जयंती के अवसर पर कन्नोज विद्यालय में बाल संरक्षण और बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओम प्रकाश तोषनीवाल के निर्देश पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बच्चों के अधिकार और सुरक्षा से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण, बाल तस्करी और बच्चों के साथ होने वाली हिंसा जैसे विषयों के बारे में समझाया गया। टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि किसी बच्चे के साथ हिंसा, शोषण या किसी तरह की असुरक्षा की स्थिति सामने आती है तो चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के जरिए मदद ली जा सकती है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। बच्चों ने बाल अधिकार और संरक्षण से जुड़े जागरूकता पोस्टर तैयार किए। इन पोस्टरों के जरिए बाल विवाह रोकने, बाल श्रम से बचाने, शिक्षा के अधिकार और बच्चों की सुरक्षा का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने ‘सुरक्षित बचपन, खुशहाल बचपन’ की भावना को अपने पोस्टरों के माध्यम से सामने रखा।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी कठिन या असुरक्षित परिस्थिति में चुप नहीं रहने के लिए प्रेरित किया। टीम ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

गांधी जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के जरिए बाल संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए बच्चों को जागरूक और सजग रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा, काउंसलर करण जीनवाल, केस वर्कर आशीष कुमार आर्य, गायत्री सेवा संस्थान से अब्दुल वाहिद एवं शोभा गर्ग, विद्यालय प्रिंसिपल नरेंद्र सिंह सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बाल अधिकारों और सुरक्षित बचपन का संदेश दिया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!