Dark Mode
नारी शक्ति सम्मेलन में गूंजा सशक्त महिला का संदेश

नारी शक्ति सम्मेलन में गूंजा सशक्त महिला का संदेश

झालावाड़। राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत शनिवार को जयपुर के यूनिवर्सिटी कॉमर्स कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय ‘नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद-2026’ का झालावाड़ में सीधा प्रसारण किया गया। मिनी सचिवालय स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और राजीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन सुना।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं, उपलब्धियों और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

राज्य स्तरीय समारोह की थीम ‘युवाओं का विश्वास-महिलाओं का उत्थान’, ‘सशक्त नारी-सशक्त समाज-सशक्त राजस्थान’ और ‘समर्थ महिला-समृद्ध राजस्थान’ रही। कार्यक्रम में रोजगार एवं भर्ती, स्टार्टअप, नवाचार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, महिला स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और बालिका कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी भी दी गई। इसमें 1.93 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां, 1.18 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया तथा 70,031 नए पदों पर भर्ती की तैयारी का उल्लेख किया गया। निजी क्षेत्र में भी 5 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने तथा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं में लखपति दीदी, सोलर दीदी और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को बताया गया। महिलाओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने और उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर देने जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

महिला स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर और कालिका इकाइयों की जानकारी दी गई। वहीं मुख्यमंत्री एकल नारी पेंशन योजना के जरिए महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी कार्यक्रम में रेखांकित किया गया।

बालिका कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को भी सम्मेलन में प्रमुखता दी गई। लाडो प्रोत्साहन योजना, छात्राओं को स्कूटी एवं साइकिल वितरण सहित शिक्षा और प्रोत्साहन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं की महिला लाभार्थियों से संवाद भी किया। झालावाड़ में मौजूद प्रतिभागियों ने उनका संबोधन सुना। जिला स्तरीय कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बालिका कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी, राजीविका की डीपीएम नीता पारीक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!