चूरू: 12 वर्षों की खाता शुद्धि की समस्या का एक ही दिन में हुआ समाधान
चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में सम्पूर्ण प्रदेश में चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राजस्व मामलों में वरदान साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण है चूरू जिले की बीदासर पंचायत समिति की उंटालड़ ग्राम पंचायत का, जिसमें द्वारकानाथ, धापू, बेगनाथ, भागूनाथ, मीरा, रेवंतनाथ आदि काश्तकारों की 12 वर्षो से लंबित खाता शुद्धि शिविर के दौरान ही की गई। ग्राम उंटालड़ के खाता संख्या 182 में 06 काश्तकारों द्वारकानाथ, धापू, बेगनाथ, भागूनाथ, मीरा, रेवंतनाथ का जमाबंदी में निवास स्थान 2014 से गोंदूसर दर्ज था। सभी काश्तकारों ने शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्या बताई और कहा कि वे लंबे समय से परेशान हैं। शिविर में मौके पर हल्का पटवारी ने तत्परता से मौका एवं जांच रिपोर्ट तैयार कर शुद्धि की अनुशंषा की एवं ग्राम गोंदूसर के काश्तकार खाता संख्या 11 में खींयाराम पुत्र गोरधनराम को गलत प्रविष्ठि की जांच कर सही नाम खींवाराम पुत्र गोरधनराम की अनुशंषा की, जिसे शिविर प्रभारी बीदासर तहसीलदार अमरसिंह बोचला ने शुद्धि दर्ज करने का आदेश पारित कर तत्काल राहत प्रदान की। लगभग 12 वर्षों बाद शिविर के दिन ही खाता शुद्धि होने पर काश्तकारों का चेहरा खिल उठा। सभी काश्तकारों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार हम जैसे किसानों व वंचितो आदि के हितों का ध्यान रखते हुए इन शिविरों के माध्यम से जनकल्याण कर रही है।