Dark Mode
सेंट्रल जेल में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान बंदियों में झड़प

सेंट्रल जेल में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान बंदियों में झड़प

जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदियों के बीच हनुमान चालीसा पाठ को लेकर विवाद के बाद मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस झड़प में एक बंदी घायल हो गया, जिसे जेल प्रशासन ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। इस संबधं में लालकोठी थाने में मामला दर्ज करवाया है।
थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि जेल प्रहरी सुमेर सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार घटना 29 जून की है, जब जेल के वार्ड नंबर आठ स्थित मंदिर में सुबह पूजा के दौरान हनुमान चालीसा पाठ चल रहा था।
इसी दौरान विचाराधीन बंदी कमल उर्फ कमल मारू (निवासी बीकानेर) के साथ अन्य बंदियों मोहम्मद शोहिल, मोहम्मद आसिफ, मुबारिक अली और वाजिद अली ने विवाद के बाद मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान नुकीली वस्तु से कमल मारू पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार हनुमान चालीसा पाठ के दौरान टोके जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कहासुनी के बाद मारपीट में बदल गया। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई मनोज कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कथित हमले में प्रयुक्त नुकीली वस्तु जेल परिसर के भीतर कैसे पहुंची। साथ ही घटना के समय मौजूद अन्य बंदियों और जेल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 26 जून को भी सेंट्रल जेल में बैरक में सफाई को लेकर बंदियों के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें कई बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!