अवैध गैस सिलिंडर रिफिलिंग पर कार्रवाई, 24 व्यावसायिक सिलिंडर जब्त
जोधपुर। जिला रसद अधिकारी महोदय के निर्देशानुसार अभय कमांड सेंटर से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला रसद कार्यालय, जोधपुर की टीम द्वारा पुलिस थाना झंवर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एक डिटेन वाहन से 24 भरे हुए व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद किए गए, जो विभिन्न कंपनियों के थे। जिला रसद अधिकारी में बताया कि जांच में पाया गया कि सभी सिलिंडरों में निर्धारित मात्रा से अधिक गैस भरी हुई थी तथा 6 सिलिंडर एक्सपायर हो चुके थे। प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट होता है कि सिलिंडरों का अवैध रूप से रीफिलिंग किया जा रहा था, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। पुलिस द्वारा मौके से वाहन सहित मल्लू राम बिश्नोई एवं राकेश बिश्नोई को डिटेन किया गया। उल्लेखनीय है कि मल्लू राम बिश्नोई के विरुद्ध पूर्व में भी अवैध रिफिलिंग एवं भंडारण के मामलों में दो एफआईआर दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान गैस सिलिंडर एवं वाहन को जब्त कर लिया गया है। प्रकरण को आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 6ए के अंतर्गत प्रस्तुत किया जाएगा तथा धारा 3/7 के तहत पुलिस थाना झंवर में एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। यह कार्रवाई जिला रसद कार्यालय, जोधपुर की टीम द्वारा की गई, जिसमें प्रवर्तन अधिकारी राधेश्याम, प्रवर्तन अधिकारी मानवेन्द्र एवं प्रवर्तन अधिकारी विक्रम देवीदास सम्मिलित रहे।