Dark Mode
डॉ. जसवंत यादव के निधन से मन व्यथित, उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति : टीकाराम जूली

डॉ. जसवंत यादव के निधन से मन व्यथित, उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति : टीकाराम जूली

अलवर/बहरोड़। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री टीकाराम जूली ने ग्राम सिलपट्टा पहुंचकर बहरोड़ विधायक स्व. डॉ. जसवंत यादव की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जूली ने उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर अर्थी को कंधा दिया तथा अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
भावुक होते हुए जूली ने कहा कि डॉ. जसवंत यादव के निधन का समाचार मेरे लिए अत्यंत दुखद और मन को व्यथित करने वाला है। राजनीति में मेरे शुरुआती समय से लेकर चाहे जिला परिषद का कार्यकाल रहा हो या मेरे विधानसभा सदस्य के तौर पर तथा आज इस मुकाम तक पहुंचने की यात्रा में वे हमेशा एक वरिष्ठ और मार्गदर्शक के रूप में मेरे साथ रहे। उनका स्नेह और मार्गदर्शन समय- समय पर मुझे निरंतर मिलता रहा। जूली ने कहा कि हमारी राजनीतिक विचारधाराएं अलग-अलग हो गईं थीं, लेकिन अलवर के विकास और क्षेत्र की जनता के हितों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता हमेशा समान रही। विकास से जुड़े मुद्दों पर वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विचार करते थे और मेरे विचारों एवं सुझावों का सम्मान करते थे। उनके साथ मेरा रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और आपसी सम्मान का भी था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि डॉ. जसवंत यादव का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ऐसा महसूस हो रहा है मानो परिवार का कोई अग्रज हमें छोड़कर चला गया हो। वे एक जुझारू, कर्मठ और लोकप्रिय जननेता थे। उनका निधन पूरे अलवर क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। जूली ने शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!