डिप्टी कमांडेंट पाल ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
बारां। रेस्क्यू एवं प्रशासन डिप्टी कमांडेंट राकेश पाल द्वारा बी कंपनी, कोटा की बारां में तैनात रेस्क्यू टीम बी-3 एवं बी-4 का पुलिस लाइन, बारां में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर कम्पनी कमांडर एकता हाड़ा, नागरिक सुरक्षा विभाग के दीपक शर्मा तथा नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मास्टर ट्रेनर मोनू पंकज भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमांडेंट पाल ने टीम की उपस्थिति, अनुशासन, उपकरणों की उपलब्धता एवं आपदा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने जवानों को निर्देशित किया कि प्रत्येक रेस्क्यू अभियान के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें तथा सभी सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित एसओपी का पूर्ण पालन करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रेस्क्यू कार्य के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा तथा अन्य सहयोगी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय, अनुशासन एवं आपसी तालमेल बनाए रखते हुए कार्य करें, ताकि राहत एवं बचाव अभियान सुरक्षित, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकें। अंत में डिप्टी कमांडेंट ने टीम के जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सदैव सतर्कता, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।