Dark Mode
धौलपुर: अंत्योदय शिविर में 15 साल पुराने बंटवारे के विवाद का समाधान

धौलपुर: अंत्योदय शिविर में 15 साल पुराने बंटवारे के विवाद का समाधान

धौलपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के तहत ग्राम पंचायत लालपुर में आयोजित शिविर में एक बड़ी समस्या का समाधान हुआ। ग्राम अतरौली के नत्थीलाल पुत्र बच्चूसिंह, देवीप्रसाद, नरेश कुमार, राकेश कुमार पुत्रगण गंगाधर सहित कुल 13 खातेदार लगभग 15 वर्षों से अपनी 15 बीघा 10 विस्वा खातेदारी भूमि के आपसी बंटवारे को लेकर परेशान थे। विवाद जटिल होने और आपसी सहमति न बन पाने से मामला वर्षों से लंबित था, जिससे परिवारों में तनाव और मनमुटाव बना हुआ था। शिविर के दौरान जब इन खातेदारों ने अपनी समस्या कैंप प्रभारी उपखंड अधिकारी वर्षा मीना के सामने रखी, तो उन्होंने गंभीरता से सुनते हुए तत्काल तहसीलदार दीप्ति देव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

तहसीलदार ने मौके पर ही भू-अभिलेख निरीक्षक बबलु कुमार और हल्का पटवारी विद्याराम की मदद से सभी खातेदारों की सहमति से विभाजन प्रस्ताव तैयार करवाया। तुरंत कार्रवाई करते हुए सहमति विभाजन को मौके पर ही स्वीकृत किया गया और हल्का पटवारी ने तुरंत ऑनलाइन दर्ज भी कर दिया। सभी खातेदारों को ऑनलाइन नकल शिविर में ही सौंप दी गई, जिससे वर्षों से लटका विवाद एक ही दिन में निपट गया। सभी खातेदारों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि हमने सोचा नहीं था कि यह काम इतना जल्दी हो जाएगा, अब हमें खेती, ऋण और सरकारी योजनाओं में कोई दिक्कत नहीं होगी। सभी ने इस समाधान के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और राजस्व टीम का आभार व्यक्त किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!