रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग से हड़कंप
मुंबई| बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास ‘शेट्टी टावर’ के बाहर देर रात अचानक फायरिंग की घटना सामने आई है। रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया गया। जांच के दौरान रोहित शेट्टी के घर की बाहरी दीवार पर तीन गोलियों के निशान साफ नजर आए, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से गोलियों के खोखे और अन्य अहम सबूत जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद हमलावर तुरंत फरार हो गए। अभी तक न तो हमलावरों की पहचान हो सकी है और न ही यह साफ हो पाया है कि वे किस वाहन से आए थे। सुरक्षा के मद्देनज़र शेट्टी टावर और आसपास की इमारतों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने 12 विशेष टीमें बनाई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हमले के पीछे की वजह साफ नहीं है, लेकिन जांच तेजी से जारी है।