मोती डूंगरी से आज निकलेगी गणेश शोभायात्रा
जयपुर. जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर से मंगलवार शाम 4 बजे गणेश शोभायात्रा निकाली जाएगी। ऋषि पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाली यह 38वीं शोभायात्रा शहर के कई प्रमुख बाजारों और रास्तों से होकर गुजरेगी।
शोभायात्रा मोती डूंगरी रोड से रवाना होकर सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी। यहां महंत परिवार की ओर से भगवान गणेश की आरती की जाएगी।
80 से ज्यादा झांकियां रहेंगी आकर्षण
शोभायात्रा में इस बार 80 से अधिक झांकियां शामिल होंगी। इनमें 20 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों के अनुसार झांकियों में गणेशजी के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाया जाएगा।
पृथ्वी पर नृत्य करते गणेशजी, भगवान शिव की पीठ पर खेलते बाल गणेश, नीले घोड़े पर सवार गणेशजी और शेषनाग पर नृत्य करते बप्पा की झांकियां खास रहेंगी। इसके अलावा रिद्धि-सिद्धि के साथ घूमर नृत्य की झांकी भी देखने को मिलेगी।
पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की ओर से शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। ऐसे में शाम के समय परकोटा क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
परकोटा में ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी
शोभायात्रा को देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किया है। शोभायात्रा के गुजरने के दौरान कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोककर उन्हें वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
परकोटा क्षेत्र में JCTSL और सिटी बसों का संचालन बंद रहेगा। गोपालपुरा से यादगार तिराहे की ओर आने वाली JCTSL बसों को लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं यादगार तिराहे से गोपालपुरा की ओर जाने वाली बसों को जरूरत पड़ने पर अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की ओर भेजा जाएगा। एमआई रोड पर यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में बसों के रूट में भी बदलाव किया जा सकता है।
रोडवेज बसों के लिए भी वैकल्पिक रूट
शोभायात्रा के चलते रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव रहेगा। दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने वाली रोडवेज बसों को चंदवाजी से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर 14 पुलिया, सर्विस रोड और सीकर रोड के रास्ते विद्याधर नगर आगार बस स्टैंड की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह सिंधी कैंप से दिल्ली रोड जाने वाली बसें पानीपेच तिराहा, चौमूं तिराहा, सीकर रोड, रोड नंबर 14 पुलिया और एक्सप्रेस हाईवे होकर दिल्ली रोड पहुंचेंगी।
सिंधी कैंप से आगरा रोड जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन रोटरी सर्किल स्थित रोडवेज बस स्टैंड से किया जाएगा।
लोक परिवहन और स्लीपर बसों का भी बदलेगा रूट
दिल्ली रोड और सिंधी कैंप के बीच चलने वाली लोक परिवहन तथा स्लीपर बसों के लिए भी रोडवेज बसों की तरह वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
वहीं सिंधी कैंप के आसपास से आगरा रोड की ओर जाने वाली लोक परिवहन और स्लीपर बसें प्राइवेट बस स्टैंड, टीपी नगर से संचालित होंगी।
शोभायात्रा के दौरान शहर के व्यस्त बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए वाहन चालकों से अपील है कि वे शाम के समय परकोटा और शोभायात्रा वाले मार्गों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।