ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट ‘ग्राम-2026’ स्थगित, कृषि विभाग ने जारी किए आदेश
जयपुर। राजधानी जयपुर स्थित जेईसीसी में आगामी 23 मई को प्रस्तावित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM-2026) का आयोजन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कृषि विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार यह निर्णय अपरिहार्य कारणों के चलते लिया गया है। कृषि आयुक्त Naresh Kumar Goyal ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि कार्यक्रम को आगामी आदेशों तक स्थगित रखा जाएगा। हालांकि आयोजन की नई तिथि को लेकर फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई है। गौरतलब है कि ‘ग्राम-2026’ को राजस्थान के कृषि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा था, जिसमें आधुनिक कृषि तकनीक, एग्रीटेक नवाचार, कृषि निवेश, स्टार्टअप्स और किसानों के लिए नई संभावनाओं पर चर्चा प्रस्तावित थी। कार्यक्रम में देश-विदेश की कृषि कंपनियों, विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं की भागीदारी अपेक्षित थी। योजन स्थगित होने से कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों और संस्थाओं को फिलहाल नई तारीख का इंतजार रहेगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर कार्यक्रम की नई तिथि घोषित की जाएगी।