महंगाई पर चुप सरकार और बजट में राहत गायब: खाचरियावास
जयपुर।पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने राज्य सरकार के हालिया बजट को पूरी तरह दिशाहीन और जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का चौथा बजट है,लेकिन प्रदेश में विकास का कोई ठोस असर दिखाई नहीं देता। खाचरियावास ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त चर्चा के बजट पेश कर सरकार ने लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी की है। जयपुर के लगभग 3000 करोड़ के प्रोजेक्ट रद्द किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा है कि जो योजनाएं शहर को आगे ले जा सकती थीं। उन्हें बंद कर दिया गया। अब सिर्फ खोखले वादे किए जा रहे हैं। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लाखों संविदा कर्मचारी नियमितीकरण की राह देख रहे हैं, लेकिन बजट में उनके लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं है। युवाओं को नौकरी चाहिए, जुमले नहीं, उन्होंने तीखी टिप्पणी की।महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की अनदेखी पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि यह बजट आमजन को राहत देने में पूरी तरह विफल रहा है। खाचरियावास ने मांग की कि सरकार घोषणाओं की राजनीति छोड़कर जमीन पर काम करे और जनता को समयबद्ध व पारदर्शी परिणाम दे।