झारखंड में बेकाबू ट्रेलर का कहर, 7 लोगों की मौत ; मृतकों में 3 बच्चे
खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कर्रा इलाके में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और चार बच्चे बताए गए हैं। एक युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय कुछ लोग सड़क किनारे झाड़ियों में फंसे एक स्कूटी सवार युवक को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। तभी तोरपा की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
स्कूटी सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोशांबी कॉलोनी के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा घुसा था। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। कुछ लोग झाड़ियों में फंसे युवक को निकाल रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर वहां पहुंचा और लोगों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
एक परिवार के कई सदस्यों की गई जान
इस हादसे में बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजली और एक साल के नाती की हादसे में मौत हो गई। परिवार की दूसरी बेटी खुशबू भी गंभीर रूप से घायल है। उसे खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, दूसरे परिवार के राजेश की मां कर्मी लोहराइन, पत्नी फगन संगा और बेटियां सुभानी व सोनी भी हादसे का शिकार हो गईं। बताया गया कि राजेश तीन दिन पहले ही मजदूरी करने गुजरात गए थे। परिवार के सदस्यों की मौत की खबर उन्हें दे दी गई है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे के बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस फरार ट्रेलर चालक और खलासी की तलाश में जुटी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान फगन संगा, कर्मी लोहराइन, सुभानी कुमारी, सोनी कुमारी, जवंती देवी उर्फ कसीला, अंजली कुमारी और सौरभ नायक के रूप में बताई गई है।