21 नवंबर को वैशाली आएंगे PM मोदी, छह लेन के पुल का करेंगे उद्घाटन
पटना। बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित वैशाली दौरा राजनीतिक और विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री 21 नवंबर को वैशाली जिले पहुंच सकते हैं। इस दौरान छह लेन के पुल का उद्घाटन करने का कार्यक्रम रखा गया है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राज्य सरकार और भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बिहार में एनडीए सरकार की पहली वर्षगांठ 20 नवंबर को मनाई जाएगी। इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अगले दिन प्रधानमंत्री का वैशाली दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें गठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में प्रधानमंत्री के दौरे को सफल बनाने, संगठन की जिम्मेदारियों और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई है।
भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
बैठक के बाद संजय सरावगी ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक अवधेश सिंह, लालगंज विधायक संजय सिंह और राजापाकर विधायक महेंद्र राम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्य सचिव और डीजीपी ने किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी वैशाली पहुंची। टीम ने राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के बहसी गांव के पास प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव, तिरहुत रेंज के डीआईजी, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा इंतजाम, हेलीपैड निर्माण, मंच की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान लोगों की आवाजाही और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
छह लेन के पुल के उद्घाटन की तैयारी
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान छह लेन के पुल का उद्घाटन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यक्रम स्थल की स्थिति का आकलन करना और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करना है।
एनडीए सरकार की पहली वर्षगांठ के आसपास प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 20 नवंबर को सरकार के एक साल पूरे होने का कार्यक्रम और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री का आगमन बिहार में विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को सामने रखने का अवसर होगा।