Dark Mode
अमित शाह ने फूंका ‘मिशन उत्तराखंड’ का बिगुल, तीसरी बार BJP सरकार का लक्ष्य

अमित शाह ने फूंका ‘मिशन उत्तराखंड’ का बिगुल, तीसरी बार BJP सरकार का लक्ष्य

देहरादून। उत्तराखंड में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से सियासी तैयारियों का बिगुल बजा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य स्थापना दिवस के मौके पर देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह से पार्टी के चुनावी अभियान को नई धार दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता के सामने 65 पार का लक्ष्य रखते हुए दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करना है। इसके लिए जनता का समर्थन जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

अपने संबोधन में शाह ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की 'वोट बचाओ' मुहिम वास्तव में 'घुसपैठिया बचाओ' अभियान है। शाह ने जनता से सवाल किया कि क्या मतदाता सूची को घुसपैठियों से मुक्त नहीं किया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि देश और देवभूमि से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी घुसपैठिए का नाम नहीं होना चाहिए। शाह ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और राम मंदिर निर्माण का विरोध करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश को भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने की दिशा में काम किया है।

उत्तराखंड के गठन में अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका याद की

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अमित शाह ने उत्तराखंड आंदोलन के दौरान संघर्ष करने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र के लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी। इस दौरान कई युवाओं को अपनी जान गंवानी पड़ी। रामपुर तिराहा सहित कई स्थानों पर आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया।

शाह ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का गठन कर लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया था। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर राज्य गठन का विरोध करने का आरोप लगाया। शाह के मुताबिक, उत्तराखंड के निर्माण में भाजपा की अहम भूमिका रही है और यह दिन अटल जी के योगदान को याद करने का भी अवसर है।

पलायन और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय गृह मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके कार्यकाल में ऐसा कौन-सा काम हुआ, जिसे प्रदेश की जनता आज भी याद करती हो? शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को लंबे समय तक मनीऑर्डर इकोनॉमी और पलायन पर निर्भर रखा।

उन्होंने कहा कि पहले ऐसी नीतियां बनाई गईं, जिनके कारण पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के काम नहीं आ सके। भाजपा सरकार ने पलायन रोकने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने के प्रयास किए हैं। पर्यटन क्षेत्र में भी प्रदेश ने प्रगति की है।

अतिक्रमण, यूसीसी और सुरक्षा पर भी रखी बात

अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में सरकारी जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अवैध मजारों और मदरसों के नाम पर सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की बात कही। साथ ही दावा किया कि चुनाव के दौरान विपक्षी दल मुस्लिम यूनिवर्सिटी का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड के रास्ते पर देश के 15 राज्य इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों में भी धीरे-धीरे यूसीसी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।

2047 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प

देश की सुरक्षा का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि आज भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए दुश्मनों को उनकी जमीन पर जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब किसी में भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं है।

शाह ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के साथ उत्तराखंड को भी विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। भाजपा चाहती है कि देवभूमि देश का पहला ऐसा राज्य बने, जो विकसित भारत के अभियान में विकसित राज्य का दर्जा हासिल करे। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस को गर्व, उपलब्धि और नए संकल्प का प्रतीक बताया।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!