Dark Mode
भारत ने वेस्टइंडीज को 60 रन से हराकर टी20 जीती

भारत ने वेस्टइंडीज को 60 रन से हराकर टी20 जीती

रिचा घोष (54) ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18 गेंद में सबसे तेज अर्धशतक के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की जबकि सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (77) ने भी अर्धशतक जड़ा जिससे भारत ने बृहस्पतिवार को यहां तीसरे और निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज को 60 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।भारतीय महिला टीम ने अक्टूबर 2019 के बाद घरेलू सरजमीं पर पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती है। भारत के 218 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम नौ विकेट पर 157 रन ही बना सकी। चिनेल हेनरी 16 गेंद में चार छक्कों और तीन चौकों से 43 रन बनाकर टीम की शीर्ष स्कोरर रहीं जबकि डिएंड्रा डोटिन (25) और कप्तान हेली मैथ्यूज (22) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।

मेजबान टीम की तरफ से स्पिनर राधा यादव ने 29 रन देकर चार विकेट चटकाए। भारत ने इससे पहले रिचा और स्मृति की पारियों से चार विकेट पर 217 रन बनाए जो इस प्रारूप में टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस प्रारूप में इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ स्कोर पांच विकेट पर 201 रन था जो उसने इसी साल एशिया कप में यूएई के खिलाफ बनाया था।इक्कीस साल की रिचा ने 21 गेंद की अपनी पारी में पांच छक्के और तीन चौके मारे जबकि स्मृति ने47 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके और एक छक्का जड़ा। रिचा ने न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और ऑस्ट्रेलिया की फोएबे लिचफील्ड के सबसे तेज अर्धशतक अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी की। स्मृति ने श्रृंखला का लगातार तीसरा और साल का आठवां अर्धशतक जड़ते हुए इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप की सबसे सफल बल्लेबाज बनी। उनके नाम इस साल 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 763 रन दर्ज हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!