Dark Mode
ब्राजील से उड़द के आयात की संभावना तलाश रहा है भारत

ब्राजील से उड़द के आयात की संभावना तलाश रहा है भारत

उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए हम ब्राजील के साथ उड़द आयात के लिए बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांग-आपूर्ति के अंतर के आधार पर भारत सालाना 7-7.5 लाख टन उड़द का आयात करता है, जिसमें से 74 प्रतिशत म्यामां से आता है। सचिव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ब्राजील में कृषि-जलवायु की स्थिति उड़द के उत्पादन के लिए उपयुक्त है। हम गंभीरता से ब्राजील से उड़द के आयात की संभावना तलाश रहे हैं। बातचीत अपने उन्नत चरण में है।’’

उन्होंने कहा कि मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अब तक म्यामां से करीब दो लाख टन उड़द का आयात किया जा चुका है। म्यामां पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भारत उड़द के नये स्रोत के लिए अन्य गंतव्यों की खोज कर रहा है। हाल ही में उपभोक्ता मामलों के विभाग ने म्यामां के दालों के निर्यातकों को जिंस की जमाखोरी के खिलाफ चेतावनी दी थी क्योंकि इससे घरेलू आपूर्ति प्रभावित होती है। कृषि मंत्रालय ने वर्ष 2022-23 (जुलाई-जून) के लिए उड़द उत्पादन 26.8 लाख टन रहने का अनुमान लगाया है, जो पिछले साल के 27.7 लाख टन से कम है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!