आईफोन ने भारत में रिकॉर्ड बिक्री की
भारत के स्मार्टफोन बाजार में बीते वर्ष यानी 2024 में आईफोन की 23 फीसदी हिस्सेदारी रही है। वहीं चीन की स्मार्टफोन कंपनी वीवो इसमें सबसे ऊपर रही है। ये जानकारी शोध फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट में सामने आई है। इसी बीच एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने भी बड़ी जानकारी साझा की है।एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने शुक्रवार को कहा कि कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर की अवधि में भारत में रिकॉर्ड तिमाही बिक्री दर्ज की है। इस दौरान आईफोन भारत में सबसे अधिक बिकने वाला स्मार्टफोन मॉडल बन गया। कुक ने कंपनी की आय कॉल के दौरान कहा, "इस तिमाही में भारत में आईफोन सबसे ज़्यादा बिकने वाला मॉडल रहा और यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाज़ार है और पीसी और टैबलेट के लिए तीसरा सबसे बड़ा बाज़ार है।
इसलिए यह एक बहुत बड़ा बाज़ार है और इन बाज़ारों में हमारी हिस्सेदारी बहुत मामूली है, इसलिए मुझे लगता है कि यहाँ बहुत कुछ होने वाला है और यह उभरते हुए बाज़ारों में से एक है।" विश्लेषकों ने कहा कि यह पहली बार है जब आईफोन भारत में सबसे ज़्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन मॉडल बन गया है। काउंटरपॉइंट रिसर्च के शोध निदेशक तरुण पाठक ने कहा, "भारत में अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान आईफोन 15 सबसे ज़्यादा बिकने वाला मॉडल रहा है।" यह कंपनी बिक्री और शिपमेंट पर नज़र रखती है।कुक ने आगे कहा कि कैंटर द्वारा हाल ही में किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, दिसंबर तिमाही के दौरान अमेरिका, शहरी चीन, भारत, यूके, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया और जापान में आईफोन सबसे ज़्यादा बिकने वाला मॉडल था। काउंटरपॉइंट रिसर्च ने गुरुवार को कहा कि दिसंबर तिमाही में वॉल्यूम के मामले में एप्पल पहली बार शीर्ष पांच हैंडसेट निर्माताओं में शामिल हुआ, एक ही तिमाही में रिकॉर्ड शिपमेंट हासिल किया और 2024 को उच्चतम बाजार मूल्य हिस्सेदारी के साथ समाप्त किया।