कोटा: एल.बी.एस. विद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित
कोटा। समाज कल्याण सप्ताह के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत स्काउट एवं गाइड तथा एल.बी.एस. विद्यालय ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विद्यालय प्रांगण में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना गीत से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर भाषण एवं कविताएँ प्रस्तुत कीं। धर्मगुरुओं में फादर आनंद दोडियार एवं सिस्टर अरोड़ा, सरदार जरनेल सिंह ढिल्लन, मुक्ति समीम अशरफ, राकेश जैन, कबीर संस्थान से संत प्रभाकर साहेब तथा योगेंद्र भारद्वाज शक्ति मंदिर अरनंडखेड़ा ने सभी धर्मों के शांति और सद्भाव के संदेश पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जी.डी. पटेल (गायत्री परिवार), कब, बुलबुल, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा स्काउट पदाधिकारी श्री दिलीप माथुर ए.एस.ओ. द्वारा भजन व प्रतिज्ञा का वाचन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती सविता कृष्णिया एवं ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीमती स्नेहलता शर्मा रहीं। मंच पर श्री बृजसुंदर मीणा, प्रीति कुमारी (सीओ स्काउट गाइड), गोपाल मिश्रा (जिला प्रशिक्षण आयोजना समिति), यज्ञदत्त हाड़ा (उपप्रधान) सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्रीमती कृष्णिया ने गांधीजी व शास्त्रीजी के कार्यों को स्मरण करते हुए समाज कल्याण सप्ताह की जानकारी दी तथा उपस्थित जनसमूह को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता की शपथ दिलाई। विद्यालय के चेयरमेन श्री कुलदीप माथुर ने अपने उद्बोधन में दोनों महापुरुषों के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एल.बी.एस. ग्रुप के सुरेन्द्र नागर, दिव्या गोचर, नीतू कुमावत, नेहा सहित संपूर्ण स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।