Dark Mode
50 हजार रुपये में बिकी मध्य प्रदेश की नाबालिग लड़की, चार गिरफ्तार

50 हजार रुपये में बिकी मध्य प्रदेश की नाबालिग लड़की, चार गिरफ्तार

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में पुलिस ने 17 वर्षीय एक लड़की को कथित रूप से एक व्यक्ति को 50,000 रुपये में बेचने के आरोप में एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा ने बताया कि प्रदेश के मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की जबलपुर की एक डेयरी में काम करती थी, जहां पर उसकी मुलाकात पहलवती बाई और सुनील कुशवाहा से हुई। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों ने पीड़िता को मुंबई में बेहतर नौकरी दिलाने के बहाने अपने झांसे में फंसाया।


मीणा के मुताबिक, बाद में आरोपी उसे मुंबई के बजाय मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के देवरी थाना क्षेत्र के पतई गांव ले गए। उन्होंने बताया कि पतई गांव में आरोपियों ने लड़की को शादी के लिए विष्णु कुशवाहा नाम के व्यक्ति को कथित तौर पर 50,000 रुपये में बेच दिया। मीणा के अनुसार, इसी बीच, लड़की के माता-पिता ने मंडला में पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। देवरी पुलिस थाने की उप निरीक्षक श्रद्धा उइके ने बताया कि मंडला पुलिस से मिली सूचना के आधार पर चार आरोपियों को पतई गांव से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल है। उइके ने कहा कि लड़की को मंडला पुलिस को सौंप दिया गया है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!