जयपुर के होटल में घुसे नकाबपोश, जमकर मचाया उत्पात
जयपुर। जयपुर की एक होटल पर शुक्रवार रात बदमाशों के जमकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। डंडों से लैस होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने होटल मालिक पर जानलेवा हमला किया। डंडों के ताबड़तोड़ वार के दौरान ऑनर ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। सांगानेर सदर थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
कॉन्स्टेबल ममता के मुताबिक, सांगानेर सदर के निवासी मांगीराम मीना ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। उनकी वाटिका रोड पर 'राधारानी दालबाटी भोजनालय' नाम की होटल है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे, जब मांगीराम काउंटर पर बैठे थे, तभी छह नकाबपोश बदमाश बाइकों पर सवार होकर धमक पड़े। वे दौड़ते हुए अंदर घुसे और डंडों से होटल पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
होटल के काउंटर सहित अन्य सामान पर डंडों से जमकर ताबड़तोड़ वार किए। हमलावरों ने काउंटर,फ्रिज और अन्य सामान भी तोड़ दिया। बदमाशों ने काउंटर के अंदर बैठे मांगीराम पर भी हमला किया, लेकिन उन्होंने हाथों से वार रोकते हुए होटल से बाहर भागकर जान बचाई।
तोड़फोड़ करने के बाद हमलावर होटल मालिक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज में बदमाशों की हरकत साफ कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब उन्हें पकड़ने की कोशिश में लगी है।