मेयर ने किया बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आव्हान
संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर जयंती पर नगर निगम की ओर से निकली रैली
अजमेर । नगर निगम की ओर से बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर वाहन रैली निकाली गई। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई बस स्टैंड स्थित अंबेडकर सर्किल पर संपन्न हुई।
वाहन रैली में हिस्सा लेने वाले लोग सुबह 8 बजे से ही धोला भाटा स्थित कम्युनिटी हॉल के सामने एकत्रित होने लगे। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में जय भीम के झंडे लिए उत्साह से लोग आगे बढ़ रहे थे। रैली का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया गांधी भवन चौराहे पर महापौर श्रीमती बृज लता हाडा, उप महापौर नीरज जैन, नेता प्रतिपक्ष सुद्रोपती कोली, कार्यक्रम संयोजक पार्षद नरेश सत्याबना, पार्षद श्याम प्रजापति सहित अन्य पार्षदों ने रैली पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया । चौराहे पर नगर निगम की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई थी। रैली कचहरी रोड होती हुई पुरानी आरपीएससी के पास पहुंची जहां पर रैली में हिस्सा लेने वाले लोगों को नाश्ता वितरित किया गया। इसके पश्चात अंबेडकर सर्किल पर रैली संपन्न हुई। इस अवसर पर महापौर श्रीमती ब्रजलता हाड़ा ने डॉक्टर बाबा साहेब अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उनके बताए मार्ग पर चलने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब विधिवेता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ एवं समाज सुधारक थे। उन्होंने श्रमिकों किसानों और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन भी किया था। डिप्टी मेयर नीरज जैन में बताया कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी ने कहा था कि जीवन लम्बा होने की बजाय महान होना चाहिए। वे महान विधिवेत्ता एवं सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाने वाले, संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर के सिद्धांतों पर चलकर हम देश को मजबूत बना सकते हैं। इस अवसर पर अन्य पार्षद एवं निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।