मोक्षकल्याणक महोत्सव भक्तिभाव से मनाया मांगलिक कार्यक्रम
सीकर । जैन धर्म के पंचम तीर्थंकर भगवान सुमतिनाथ का जन्म , केवलज्ञान व मोक्षकल्याणक महोत्सव शनिवार चैत्र बदी एकादशी को जैन धर्मावलंबियों द्वारा भक्तिभाव से मनाया गया । इस अवसर पर शहर के बजाज रोड़ स्थित दंग की नसियां मन्दिर जी सहित सभी जैन मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना हुई । निकटवर्ती ग्राम रैवासा स्थित दिगम्बर जैन भव्योदय अतिशय क्षेत्र में भगवान सुमतिनाथ का जन्म , ज्ञान व मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया गया ।अध्यक्ष महावीर ठोलिया व महामंत्री सुनील बडज़ात्या ने बताया कि प्रात:काल अतिशयकारी सुमतिनाथ भगवान के विशेष अभिषेक व शांतिधारा हुई । शांतिधारा का सौभाग्य विभिन्न स्थानों से जुड़े 36 परिवारों को प्राप्त हुआ । मुख्य शान्तिधाराकर्ता सीकर के प्रेम देवी मातेश्वरी मनोज सीमा बज परिवार थे । दोपहर संगीतमय सुमतिनाथ विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा । जिसके पश्चात निर्वाण लाड़ू समर्पित किये गए व छत्र चढ़ाया गया । इसके पश्चात सांयकाल महाआरती हुई । समाज के विवेक पाटोदी ने बताया कि विधानाचार्य पंडित आशीष जैन शास्त्री सीकर द्वारा समस्त मांगलिक क्रियाये करवाई गई । संगीतकार नवीन कुमार जैन पार्टी कोटा थे। विधान मण्डल पूजन का पुण्यार्जन शकुन्तला देवी नौरंगलाल , पिंकी देवी गौरव बडज़ात्या परिवार निवासी फतेहपुर प्रवासी सूरत को प्राप्त हुआ ।
भगवान महावीर जन्मकल्याणक 3 अप्रैल को
प्रवक्ता विवेक पाटोदी ने बताया कि सोमवार 3 अप्रैल को जैन समाज द्वारा भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा । शहर में जैन समाज से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं द्वारा कई मांगलिक कार्यक्रम किये जायेंगे । दिगम्बर जैन विद्यालय सोसाइटी द्वारा विद्यालय परिषर में महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा जिसमे विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे । प्रात:काल प्रभात फेरी के पश्चात शहर के मुख्य मार्गो से भगवान महावीर की शोभायात्रा निकाली जायेगी , इसके पश्चात विद्यालय परिषर में भक्तिमय कार्यक्रम होंगे ।