24 घंटे में दो बार कांपी म्यांमार की धरती, फिर आया भूकंप
नेप्यीडॉ। म्यांमार में पिछले 24 घंटे के दौरान दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। शनिवार सुबह आए ताजा भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई, जबकि इससे एक दिन पहले 4.9 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया था।
भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह भूकंप करीब 85 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इससे पहले आए झटकों की गहराई भी 90 किलोमीटर के आसपास रही थी। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
हाल के दिनों में म्यांमार में लगातार भूकंपीय गतिविधियां देखी जा रही हैं। फरवरी की शुरुआत में भी इस क्षेत्र में कई बार धरती कांप चुकी है, जिनमें कुछ भूकंप कम गहराई पर आए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि कम गहराई वाले भूकंप ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं, क्योंकि उनकी तरंगें सीधे सतह तक पहुंचती हैं और नुकसान की संभावना बढ़ जाती है।
भूगर्भ वैज्ञानिकों के अनुसार, म्यांमार चार प्रमुख टेक्टोनिक प्लेट्स के बीच स्थित है। यही वजह है कि यह इलाका भूकंप और सुनामी के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां से गुजरने वाला सागाइंग फॉल्ट कई बड़े शहरों के लिए खतरे की घंटी बना हुआ है।
पिछले साल मार्च में आए एक शक्तिशाली भूकंप ने देश को भारी नुकसान पहुंचाया था, जिसमें हजारों लोगों की जान गई थी। ऐसे में मौजूदा झटकों ने फिर से लोगों की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं।
प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को हमेशा सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।