पीएम मोदी के मलेशिया दौरे को लेकर भारतीयों में जबरदस्त उत्साह
कुआलालंपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय मलेशिया दौरे को लेकर वहां बसे भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जैसे-जैसे उनके आगमन का समय नजदीक आ रहा है, प्रवासी भारतीयों की उम्मीदें और खुशी दोनों बढ़ती जा रही हैं।
7 और 8 फरवरी को होने वाले इस दौरे के दौरान पीएम मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आमंत्रण पर कुआलालंपुर में रहेंगे। यह इस साल उनका पहला विदेश दौरा भी है, जिसे लेकर प्रवासी भारतीय खास तौर पर उत्साहित हैं।
मलेशिया में रहने वाले कई भारतीयों ने बताया कि वे वर्षों से प्रधानमंत्री मोदी को नजदीक से देखने और मिलने का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोगों ने कहा कि वे पिछले कई सालों से विदेश में रह रहे हैं, लेकिन पहली बार उन्हें अपने देश के प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिलने जा रहा है।
एक प्रवासी भारतीय ने कहा कि पीएम मोदी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उन्हें एक आदर्श नेता के रूप में देखते हैं। वहीं, दूसरे सदस्य ने बताया कि विदेश में रहते हुए जब वे खुद को भारतीय बताते हैं, तो लोग भारत को मोदी जी से जोड़कर देखते हैं, जिससे उन्हें गर्व महसूस होता है।
कई लोगों ने आयोजन स्थल पर सजावट और तैयारियों में भी भाग लिया है। समुदाय के सदस्यों के अनुसार, इस कार्यक्रम में करीब 10 से 12 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे माहौल और भी उत्सव जैसा बन गया है।
भारतीय समुदाय के लोगों का मानना है कि पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देगा। खास तौर पर रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
मलेशिया रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने भी कहा था कि इस यात्रा का उद्देश्य भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना है। अगस्त 2024 में दोनों देशों के संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा मिलने के बाद यह उनका पहला दौरा है।
प्रवासी भारतीयों के लिए यह सिर्फ एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि अपने देश और नेतृत्व से जुड़ने का एक भावनात्मक अवसर भी बन गया है, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।