Dark Mode
ओपन जेल के कैदी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

ओपन जेल के कैदी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र के धावास स्थित जानकी विहार में बुधवार को एक कैदी की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, सांगानेर ओपन जेल में बंद मोहन कुमावत (40) जेल लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे निशाना बनाया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने मोहन पर तीन राउंड फायर किए। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही करणी विहार के साथ भांकरोटा और चित्रकूट थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।

हत्या के पुराने मामले में हो चुकी थी सजा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहन कुमावत को वर्ष 2018 में मोती डूंगरी इलाके में महेंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। उसे सजा होने के बाद सांगानेर स्थित ओपन जेल में रखा गया था।

बुधवार को जेल वापस जाते समय उस पर हमला हुआ। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने उसकी गतिविधियों की जानकारी कैसे जुटाई और वारदात के लिए किस तरह उसकी रेकी की गई थी।

बाइक नंबर और CCTV से सुराग तलाश रही पुलिस

वारदात के बाद पुलिस को जिस बाइक का नंबर मिला है, वह RJ-14-ZX-8369 बताया गया है। इसी नंबर के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए बदमाशों के आने और वारदात के बाद भागने वाले रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुरानी रंजिश का भी एंगल

पुलिस को शुरुआती जांच में मोहन से जुड़े लोगों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश की जानकारी मिली है। ऐसे में हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी को एक प्रमुख एंगल माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद जयपुर शहर में ए श्रेणी की नाकाबंदी कराई गई। प्रमुख रास्तों पर वाहनों की जांच के साथ पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!