जयपुर में 10 हजार से ज्यादा रनर्स दौड़े, हरियाली का भी दिया संदेश
जयपुर। शहर में रविवार की सुबह फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ शुरू हुई। सूरज निकलने से पहले ही सड़कों पर बड़ी संख्या में रनर्स जुट गए। आधार प्राइम ग्रीन फिट हाफ मैराथन में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। देश के 17 राज्यों के साथ विदेश से आए रनर्स ने भी इसमें हिस्सा लिया।
ग्रीनफिट फाउंडेशन की ओर से आयोजित मैराथन का फ्लैग ऑफ राजस्थान की डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने किया। कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, उत्तर-पश्चिमी कमान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पी.एस. शेखावत, जयपुर व्यापार महासंघ के सुभाष गोयल और आधार प्राइम के मैनेजिंग डायरेक्टर उज्जवल पुनिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में जीसीएल ड्रीम्स से रवि सिंघल और महेश यादव, फाउंडेशन के मेंटोर अजय अग्रवाल, खंडेलवाल हार्ट इंस्टीट्यूट से संजय खंडेलवाल, लायंस क्लब की प्रेजिडेंट प्रीती सक्सेना, रीहैब हेल्थ केयर से अविनाश सैनी और बॉलीवुड सिंगर रवींद्र उपाध्याय समेत अन्य अतिथियों ने भी सहभागिता की। मैराथन ग्रीनफिट फाउंडेशन की ओर से आयोजित की गई, जबकि इसमें जयपुर नगर निगम की महत्वपूर्ण सहभागिता और फोर्टी का सहयोग रहा।
फिटनेस के साथ स्वच्छता और पर्यावरण पर जोर
डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने कहा कि फिट इंडिया और स्वच्छ भारत जैसे अभियान केवल सरकार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मन का निर्माण होता है और बेहतर जीवन के लिए आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इन प्रयासों को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।
मैराथन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पहल भी की गई। आयोजकों ने प्रत्येक प्रतिभागी को एक पौधा भेंट किया। इसके जरिए लोगों को दौड़ और फिटनेस से आगे बढ़कर हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
अलग-अलग वर्गों में रहे विजेता
21 किमी पुरुष वर्ग: प्रथम ढोल राम, द्वितीय अगुग्ना त्सेगाये मोला और तृतीय देवा राम रहे। महिला वर्ग में सलोनी ने पहला, अर्पिता सैनी ने दूसरा और प्रिया पाल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
10 किमी पुरुष वर्ग: दीपक प्रथम, देशराज द्वितीय और राजेश यादव तृतीय रहे। महिला वर्ग में रिंकी यादव ने पहला, शिवानी शर्मा ने दूसरा और प्रिया कुमावत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
5 किमी पुरुष वर्ग: विजय गुर्जर प्रथम, सागर द्वितीय और आशीष कुमावत तृतीय रहे। महिला वर्ग में पायल राठौर ने पहला, वंशिका ने दूसरा और हेमलता ने तीसरा स्थान हासिल किया।