Dark Mode
पाकिस्तान में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, गर्भवती महिला समेत 9 की मौत

पाकिस्तान में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, गर्भवती महिला समेत 9 की मौत

कराची। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में ऑक्सीजन सिलेंडर से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। थारपारकर जिले के नगरपारकर तालुका स्थित दानो धंधल के एक स्वास्थ्य केंद्र पर खड़ी एम्बुलेंस में विस्फोट होने से गर्भवती महिला समेत नौ लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे के बाद एम्बुलेंस में आग लग गई और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

अंग्रेजी दैनिक डॉन के अनुसार, एम्बुलेंस का संचालन पीपल्स प्राइमरी हेल्थकेयर इनिशिएटिव (पीपीएचआई) की ओर से किया जा रहा था। घटना उस समय हुई, जब कर्मचारी एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर बदल रहे थे। बताया गया है कि इसी दौरान सिलेंडर में विस्फोट हुआ और आग फैल गई। हादसे के वक्त एक गर्भवती महिला एम्बुलेंस के भीतर मौजूद थी।

बचाव अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से एक व्यक्ति ने कराची ले जाते समय दम तोड़ दिया। शुरुआती जानकारी में मृतकों में गर्भवती महिला के साथ आए दो लोगों के भी शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, जान गंवाने वालों में पीपीएचआई का एक डिस्पेंसर, एम्बुलेंस चालक, चौकीदार और एक अन्य कर्मचारी भी शामिल थे।

स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों समेत कई लोग घायल

हादसे में बेसिक हेल्थ सेंटर में काम करने वाली दो मिडवाइफ और एक महिला अटेंडेंट भी घायल हुई हैं। बचाव दल और अस्पताल प्रशासन ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कराची भेजा गया।

थारपारकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने अधिकारियों को घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता और समय पर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर निर्भर है इलाका

जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंध का थारपारकर क्षेत्र अक्सर सूखे की समस्या से जूझता है। यहां के कई निवासी इलाज के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं स्थानीय लोगों के लिए बेहद अहम हैं।

इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। अक्टूबर 2019 में मिथी के सिविल अस्पताल पर एक शिशु के शव को ले जाने के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगा था। उस समय ईंधन के लिए धन की कमी को इसकी वजह बताया गया था।

ताजा हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। ऑक्सीजन सिलेंडर बदलते समय हुए इस विस्फोट ने स्वास्थ्य केंद्रों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और सुरक्षा प्रक्रियाओं को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!