Dark Mode
पालघर डकैती का 20 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

पालघर डकैती का 20 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

पालघर पुलिस ने डकैती के एक मामले में दो दशक से फरार 60 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। वनगांव थाने के सहायक निरीक्षक तुषार पचपुते ने बताया कि यह घटना मार्च 2005 में उस समय हुई जब कई डकैतों का गिरोह महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई क्षेत्र के अंबटपाड़ा में एक व्यक्ति के कार्यालय में घुस गया था।उन्होंने बताया कि डकैतों ने पीड़ित को चाकू दिखा कर बंधक बनाया और उससे 43 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन लूट लिया। उन्होंने उसके कार्यालय में रखी एक राइफल और एक पिस्तौल भी लूट ली।

घटना के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 395 (डकैती) और 397 (मौत या गंभीर चोट पहुंचाने के प्रयास के साथ लूट या डकैती) और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की।अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पिछले कुछ वर्षों में इस अपराध में शामिल 18 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य अब भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों में से एक की मौत हो गई है।हाल ही में पुलिस को शेष बचे एक भगोड़े के बारे में सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के खानवेल में आरोपी की पहचान की और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान देउ जन्या चिमड़ा के रूप में हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!