ई-गवर्नेंस सेवाओं का आमजन को मिले समुचित लाभ : सुराणा
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से आईटी कार्यों, परियोजनाओं के संबंध में चर्चा कर दिए समुचित निर्देश
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार (आपणी योजना) में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की समीक्षा बैठक में आईटी कार्यों तथा विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को डिजिटल परियोजनाओं व ई-गवर्नेंस सेवाओं का समुचित लाभ मिले। जिले में तकनीकी नवाचारों पर फोकस करें। जिला मुख्यालय पर संचालित आई स्टार्ट इन्क्यूबेशन सेंटर पर मेंटरशिप व प्रशिक्षणों को अधिकतम बच्चों को लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि आईटी के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए विभागीय समन्वय से तकनीकी संसाधनों को मजबूत करें व बेहतर उपयोग किया जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि सभी शासकीय कार्यालयों में आईपी फोन की कनेक्टिविटी को तत्काल प्रभाव से सुचारू किया जाए तथा इसकी प्रगति की समीक्षा आगामी सोमवार की बैठक में अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में शासकीय कार्यालयों से संपर्क आईपी फोन के माध्यम से ही किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिला स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक शीघ्र आयोजित कर लंबित तकनीकी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण की बात कही। बैठक के दौरान ई-मित्र एवं ई-मित्र प्लस मशीन, जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर राजनेट कनेक्टिविटी, ग्राम पंचायत स्तर पर स्थापित बीबीएनएल कनेक्टिविटी, अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, लाड़ली सुरक्षा योजना तथा समस्त शासकीय कार्यालयों में स्थापित आईपी फोन की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। संयुक्त निदेशक नरेश कुमार ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में एसीपी पुष्पा सैनी, इन्क्यूबेशन प्रभारी एसीपी विनोद कुमारी, प्रोग्रामर राजेंद्र प्रजापत, वंदना माटोलिया, राकेश बबेरवाल, गौरीशंकर नाई, मामराज बेनीवाल, तृप्ता, जितेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।