Dark Mode
गाजा में राशन का इंतजार कर रहे लोगों पर हमला, 25 की मौत

गाजा में राशन का इंतजार कर रहे लोगों पर हमला, 25 की मौत

गाजा। गाजा में राशन भरे ट्रकों का इंतजार कर रहे लोगों पर हुई गोलीबारी में 25 फलस्तीनियों की मौत हो गई। चश्मदीदों और अस्पतालों ने आरोप लगाया है कि ये गोलीबारी इस्राइली सेना की तरफ से की गई। हालांकि इस्राइली सेना ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अर्बन नुसीरत शरणार्थी कैंप में स्थित अवदा अस्पताल ने बयान जारी कर बताया कि फलस्तीनी नागरिक वादी गाजा के दक्षिण में सलाह ए दीन रोड पर राशन के ट्रकों का इंतजार कर रहे थे।


गवाहों ने बताया कैसे लोगों पर हुई गोलीबारी


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक गवाह ने बताया कि जब लोगों ने ट्रकों की तरफ बढ़ना शुरू किया तो इस्राइली सेना ने लोगों पर गोलीबारी कर दी। एक व्यक्ति ने बताया कि यह नरसंहार था। इस्राइली सेना टैंक और ड्रोन्स से लोगों पर गोलीबारी कर रही थी। कई लोग मारे गए या घायल हुए हैं। एक अन्य गवाह ने बताया कि लोगों की भीड़ के ऊपर ड्रोन्स उड़ रहे थे और लोगों पर नजर रख रहे थे। जैसे ही लोगों ने ट्रकों की तरफ बढ़ना शुरू किया तो टैंक और ड्रोन्स से गोलियां चलने लगीं। वह बेहद भयावह मंजर था।


हमले में 146 लोगों के घायल होने का दावा
अवदा अस्पताल ने बताया है कि 146 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 62 की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायलों को दूसरे अस्पतालों में भिजवाया गया है। मध्य गाजा के दीर ए बलाह में स्थित अल-अक्सा अस्पताल में छह लोगों के शव पहुंचे हैं। इस्राइल हमास युद्ध में अब तक गाजा में 56 हजार लोग मारे गए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि मरने वालों में आधे से ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। इस्राइल ने 7 अक्तूबर 2023 के हमले के बाद गाजा में कार्रवाई शुरू की थी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!