अंडर पास में भरा बरसात का पानी, दो गांव का संपर्क टूटा परेशान ग्रामीणों की नहीं हो रही सुनवाई
अजमेर . रेलवे के अंडरपास इसलिए बनाए गए थे, ताकि रेलवे क्रासिंग गेट बंद होने पर वाहन चालकों को गेट खुलने का इंतजार न करना पड़े, लेकिन बरसात में यही अंडरपास ‘नाला’ बनकर राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। रेलवे क्रॉसिंग को खत्म करने के उद्देश्य से बनाए गए लाखों रुपए की लागत से अजमेर खंडवा लाइन पर पांच नंबर अंडरपास में सोमवार को हुई बेमौसम की बरसात का पानी भरने से पुराना बड़गांव व नया बड़गांव के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि दोनों गांव का आपस में संपर्क टूट गया। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों व प्रशासन को कई बार अवगत कराया लेकिन आज तक इसकी सुनवाई नहीं हो सकी । इसको लेकर दोनों गांव के लोगों में भारी रोष व्याप्त है
सेदरिया ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच घनश्याम जांगिड़ ने बताया कि सोमवार को आई तेज बरसात से अजमेर खंडवा लाइन पर 5 नंबर अंडरपास में पानी भर गया। यह दोनों गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है । इससे आने-जाने वाले खासकर किसानों,दुग्ध उत्पादकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । यहां तक कि यदि नया बड़गांव में किसी की मौत हो जाने पर उसे मुक्तिधाम तक ले जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शव यात्रा को अंडर पास में 5 फिट तक भरे पानी से ले जाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार रेलवे लाखों रुपए की लागत से अंडरपास का निर्माण तो कर देता है लेकिन पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होती है यदि होती भी है तो उनकी रखरखाव, साफ सफाई नहीं होने से अंडर पास में बने चेंबर ब्लॉक हो जाने से पानी भरने जैसी समस्या उत्पन्न हो जाती है और इसका खामियाजा अंडरपास के आसपास रहने वाले आमजन को भुगतना पड़ता है।
अंडरपास में पानी भरना हर साल की समस्या
अंडरपास में पानी भरना हर साल की समस्या है। रेलवे अधिकारी इस समस्या पर समय रहते ध्यान नही देते है।ग्रामीणों की परेशानी का समाधान कराने को न तो रेलवे इंजीनियर कुछ कोई कदम उठा रहे न जिला प्रशासन कुछ कर रहा। रेलवे को अंडरपास में जलभराव की समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान करना चाहिए। ताकि लोगों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके।
इनका कहना है
इस अंडरपास में पानी निकालने के चेंबर बने हुए हैं वह चेंबर पूरी तरह से मिट्टी से भरे हुए हैं।इस कारण अंडर पास में आए दिन पानी भरने की समस्या है क्योंकि रेलवे के द्वारा जबसे अंडरपास निर्माण हुआ है तब से लेकर आज तक कभी भी इसकी सफाई नहीं करवाई गई। जबकि यह अंडरपास बहुत ही एडवांस टेक्नोलॉजी का बनाया हुआ है अंडर पास के दोनों और कुवे खुदेवाये गए हैं तथा अंडरपास के दोनों तरफ बड़े-बड़े चेंबर बनाकर पाइप लाइन डालकर कुएं तक पानी ले जाने की व्यवस्था मोटे मोटे पाइपों से की हुई है अगर इसकी समय रहते हैं वर्ष में दो बार रेलवे द्वारा सफाई करवा दी जावे तो भविष्य में कभी भी पानी भरने की समस्या नहीं होगी परंतु रेलवे के अधिकारियों और की लापरवाही का नतीजा है
घनश्याम जांगिड़ पूर्व सरपंच
शहर से सटे ग्राम बड़गांव की मुख्य सड़क का बुरा हाल
सरकार की ओर से विकास को लेकर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं। लेकिन सेंदरिया ग्राम पंचायत के ग्राम पुराना बड़गांव की ओर जाने वाले मुख्य सड़क गांव के विकास की पोल खोल रही हैं। सड़कें जर्जर होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहते हैं सड़कें किसी इलाके की तरक्की बयां करती है, लेकिन सड़को की जो तस्वीर ग्राम पुराना बड़गांव के मुख्य सड़क की है उससे विकास का अंदाजा भी सहज ही लगाया जा सकता है। इस गांव में जाने के लिए रास्ते तो हैं मगर सड़क नही। इसकी शिकायत वर्तमान सरपंच रेशम खान चीता को ग्रामीणों द्वारा की गई थी लेकिन शिकायतों को लेकर सरपंच व प्रशासन के सिर में जूं तक रेंगती दिखाई नहीं दे रही है।
जर्जर सड़क के कारण यहां आए दिन कोई न कोई दुर्घटनाएं होती रहती है, सड़क के कई स्थलों में छोटे-बड़े गड्ढे उभर आये हैं। ऐसे में क्षेत्र के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लाना ले जाना भी मुश्किल हो जाता है। बारिश के दिनों में बरसात का पानी जमा हो जाने के कारण सड़कें तलाब बन जाती है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बादजूद वर्तमान सरपंच व प्रशासन के सिर में जूं तक रेंगती दिखाई नहीं दे रही है। सड़क समस्या की निजात के लिए गांव के लोग अब तक आस लगाए बैठे हैं।