राजस्थान बोर्ड परीक्षा शुरू, 19.90 लाख से ज्यादा छात्र मैदान में
-
6,194 परीक्षा केंद्रों पर राजस्थान बोर्ड परीक्षा शुरू
-
19.90 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल
-
सीसीटीवी, उड़नदस्ते और कंट्रोल रूम से सख्त निगरानी
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाएं गुरुवार से शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गईं। पहले दिन सेकेंडरी में अंग्रेजी अनिवार्य और सीनियर सेकेंडरी में मनोविज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों की हलचल देखी गई।
इस वर्ष राज्यभर में कुल 6,194 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड के अनुसार, कुल 19 लाख 90 हजार 57 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें सेकेंडरी के 10 लाख 68 हजार 109 और सीनियर सेकेंडरी के 9 लाख 10 हजार 9 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्याय के 4,122 तथा प्रवेशिका के 7,817 परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं।
सख्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम
नकल रोकने के लिए बोर्ड ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। उड़नदस्तों और विशेष दलों की तैनाती के साथ अभय कमांड सेंटरों के जरिए भी जिलों के परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
परीक्षा शुरू होने से पहले बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने अधिकारियों के साथ कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कक्ष का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
परीक्षा समय और हेल्पलाइन
परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित है। प्रवेशिका और वरिष्ठ उपाध्याय (मूकबधिर) परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त समय देते हुए परीक्षा दोपहर 12:45 बजे तक रखी गई है।
बोर्ड ने 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम भी स्थापित किए हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए परीक्षार्थियों या अभिभावकों को अपना नाम, पता और संपर्क विवरण देना होगा तथा शिकायत क्रमांक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बोर्ड के कंट्रोल रूम नंबर हैं: 0145-2632866, 2632867, 2632668, 4083549 और 4083550।