RTH बिल नहीं होगा वापस चिकित्सा मंत्री
लालसोट . उपखंड मुख्यालय पर स्थित अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में राजस्थान दिवस पर लाभार्थी उत्सव समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा रहे। कार्यक्रम के बाद चिकित्सा मंत्री ने आरटीएच बिल को लेकर कहा कि आरटीएच बिल लागू करने से पहले पक्ष-विपक्ष के नेता समेत डॉक्टरों की एक कमेटी गठित की थी। जिसमें सभी की सहमति के आधार पर ही विधानसभा में आरटीएच विधेयक लाया गया था। इस बिल में डॉक्टरों और जनता के हित को ध्यान में रखते हुए लाया गया है। बिल के विरोध में प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को हटना पड़ेगा नहीं तो बिल के समर्थन में जनता अब सड़कों पर उतरेगी।बिल वापस नहीं होगा-चिकित्सा मंत्री
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि आरटीएच बिल किसी भी सूरत में वापस नहीं लिया जाएगा। यह लागू होकर ही रहेगा। इस बिल को जनता के हित में लागू किया है। आरटीएच बिल लागू करके जनता को स्वास्थ्य का अधिकार दिया है। सारे सरकारी डॉक्टर काम पर लौट चुके हैं। बाकी अपनी दुकानों को खोले तो खोलें इसमें जबरदस्ती नहीं है। अपनी दुकान के शटर लगाकर ताला लगाएंगे तो लगाएंगे उसमें हम क्या करें।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि पूरे देश में राजस्थान चिकित्सा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर नंबर एक पर है। केंद्र सरकार को भी सभी राज्यों में इस बिल को लागू करना चाहिए। जिससे लोगों को फायदा मिले। अन्य राज्यों में भी आरटीएच बिल को लेकर चर्चाएं चल रही है। वहां के लोग भी अब यह डिमांड करने लग गए हैं कि राजस्थान की सरकार ने आरटीएच बिल लागू करके बहुत अच्छा काम किया है