महिलाओं के लिए सुनहरा मौका, सामुदायिक समाधान मंच हेतु आवेदन शुरू
बूंदी। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर सामाजिक एवं पारिवारिक विवादों के समाधान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने ‘नारी संवाद : सामुदायिक समाधान मंच’ कार्यक्रम के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पहल के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में महिला मध्यस्थों का पैनल गठित किया जाएगा।
प्राधिकरण की ओर से जावटीकलां, अमरत्या, जजावर, मोहनपुरा और गुडली ग्राम पंचायतों में 15-15 सदस्यीय सामुदायिक मध्यस्थ पैनल का गठन किया जाएगा। इन पैनलों की भूमिका समुदाय स्तर पर संवाद, समझाइश और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को बढ़ावा देना होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार आवेदन करने वाली महिला का समुदाय में सम्मानित और निष्पक्ष छवि होना आवश्यक है। महिला सरपंच, पंच, स्वयं सहायता समूह की लीडर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, महिला अधिवक्ता, शिक्षिका, पैरालीगल वालंटियर, सेवानिवृत्त अधिकारी तथा महिला पुलिसकर्मी जैसी अनुभवी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, हालांकि विशेष योग्यता रखने वाले मामलों में इसमें छूट भी दी जा सकती है। महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों, सामाजिक कार्यों तथा मध्यस्थता में रुचि रखने वाली महिलाओं को विशेष महत्व दिया जाएगा।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इच्छुक महिलाएं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय बूंदी अथवा तालुका विधिक सेवा समिति हिण्डोली, नैनवां, इन्द्रगढ़ और केशवरायपाटन कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से या डाक के माध्यम से आवेदन जमा कर सकती हैं।
आवेदन के साथ आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) संलग्न करना आवश्यक होगा। अंतिम चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और संबंधित न्यायिक अधिकारियों की समिति निर्णय लेगी।