Dark Mode
Uttarakhand के टिहरी में यमुना नदी में गिरी कार, छह लोगों की मौत

Uttarakhand के टिहरी में यमुना नदी में गिरी कार, छह लोगों की मौत

उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक कार के यमुना नदी में गिर जाने से इसमें सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा बुधवार देर रात एक बजे दिल्ली-यमुनोत्री राजमार्ग पर अगलार पुल के पास हुआ। कार में सवार लोगों से जब उनके परिजनों का संपर्क नहीं हो सका तो इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। उपजिलाधिकारी (नैनबाग) मंजू राजपूत ने कहा कि कार में सवार लोगों के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को शाम करीब चार बजे नदी किनारे देखा गया।

राजपूत ने कहा कि कार उत्तरकाशी जिले के मोरी से एक युवक को इलाज के लिए देहरादून ले जा रही थी और यह सड़क से 250 मीटर नीचे यमुना नदी में गिर गयी। अधिकारियों के अनुसार, चूंकि यह हादसा देर रात हुआ, इसलिए अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह कैसे हुआ।

सुबह जब घर वालों का कार सवार लोगों से संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने पूर्वाह्न 11 बजे कैंपटी थाने को इस बारे में सूचना दी। पुलिस ने कार में सवार लोगों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाशी अभियान चलाया और शाम करीब चार बजे वाहन को ढूंढ़ लिया।

नैनबाग के तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद ममगाईं ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार अगलार पुल के पास नदी किनारे पड़ी थी और जब तक पुलिस, राजस्व पुलिस तथा राज्य आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंचीं, तब तक कार में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान प्रताप (30) और राजपाल (28), राजपाल की पत्नी जसीला (25), वीरेंद्र (28) और चालक विनोद (35) के रूप में हुई है। ये सभी मौताद मोरी गांव के रहने वाले थे, जबकि मुन्ना (38) देवत्री गांव के रहने वाले थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!