रिलायंस के नॉन-एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर बने ईशा, आकाश और अनंत अंबानी
ईशा, आकाश और अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के नॉन-एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर बन गए हैं। शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के बाद RIL के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने सोमवार (28 अगस्त) को मुकेश अंबानी के तीनों बच्चों को नॉन-एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर अप्वाइंट किया है।
इसके साथ ही नीता अंबानी के इस्तीफे को भी बोर्ड ने एक्सेप्ट कर लिया है। कंपनी ने कहा कि नीता अंबानी रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर चेयरपर्सन की भूमिका में बनी रहेंगी। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन के तौर पर नीता अंबानी RIL बोर्ड बैठकों में शामिल होती रहेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, नीता अंबानी ने रिलायंस फाउंडेशन को अधिक समय देने के लिए कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दिया है।
पहली तिमाही में रिलायंस का नेट प्रॉफिट ₹16,011 करोड़ रहा
रिलायंस ने 21 जुलाई को Q1FY24 यानी अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे घोषित किए थे। कंपनी का नेट प्रॉफिट 16,011 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की समान तिमाही में यह 17,955 करोड़ रुपए रहा था। यानी कंपनी के मुनाफे में 11% गिरावट आई।
पिछली तिमाही यानी Q4FY23 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 19,299 करोड़ रुपए रहा था। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने निवेशकों के लिए 9 रुपए प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान भी किया।