यूपी भाजपा में बड़ा फेरबदल, चुनाव से पहले नई टीम में कई नए चेहरों की एंट्री
Lucknow : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए विभिन्न पदों पर नेताओं की नियुक्तियों की सूची जारी की। इस नई टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह संगठनात्मक बदलाव चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पार्टी बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने, सामाजिक समीकरण साधने और विभिन्न क्षेत्रों में प्रभाव बढ़ाने की तैयारी में जुटी हुई है।
नई सूची के अनुसार सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, धर्मेंद्र सिंह, प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, राजेश यादव और आलोक गुप्ता सहित कई नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत और संजय राय को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश संगठन में 19 उपाध्यक्ष, आठ महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश मंत्रियों की सूची में विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर, राकेश बिंद, राहुल वाल्मीकि और आकांक्षा सोनकर समेत कई नेताओं को स्थान मिला है।
भाजपा ने संगठन के छह प्रमुख क्षेत्रों के लिए क्षेत्रीय अध्यक्षों का भी ऐलान किया है। पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी नबाब सिंह नागर को, ब्रज क्षेत्र की पूरन लाल लोधी को, कानपुर क्षेत्र की कमान राम किशोर साहू को सौंपी गई है। वहीं अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र के अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र के विनोद राय बनाए गए हैं।
संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए भारत दीक्षित को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। अतुल अवस्थी और लक्ष्मण सिंह को कार्यालय सह-मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक तथा हिमांशुराज पंडित को सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के नाम भी घोषित किए हैं। रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा, प्रकाश पाल को पिछड़ा मोर्चा, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा और विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
नई टीम की संरचना से साफ संकेत मिलता है कि भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, पिछड़े वर्गों और दलित समाज को संगठन में अधिक प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह बदलाव आगामी चुनावों में संगठन की ताकत को और बढ़ाने में मददगार साबित होगा।