फिलीपींस में चुनाव से पहले हिंसा, 3 की मौत; 15 घायल
मनीला। दक्षिणी फिलीपींस में संसदीय चुनाव से ठीक पहले हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। कोटाबाटो सिटी में रविवार रात मतदान केंद्र के बाहर हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घटना सोमवार को शुरू हुए बांगसमोरो ऑटोनॉमस रीजन इन मुस्लिम मिंडानाओ (BARMM) के संसदीय चुनाव से कुछ घंटे पहले हुई।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मतदान के लिए लगी कतार में अपनी जगह को लेकर प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान भीड़भाड़ वाले इलाके में गोलियां चलने लगीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
80 सीटों के लिए 13 दलों के उम्मीदवार मैदान में
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस चुनाव में 13 राजनीतिक दलों के उम्मीदवार 80 संसदीय सीटों के लिए मुकाबला कर रहे हैं। क्षेत्र में 20 लाख से ज्यादा मतदाताओं के मतदान के लिए पात्र होने की जानकारी सामने आई है।
चुनाव से पहले संभावित हिंसा को देखते हुए पूरे BARMM क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। मतदान केंद्रों पर 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल भी तैयार रखे गए हैं।
दशकों के संघर्ष के बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था की परीक्षा
सोमवार को हुआ मतदान मुस्लिम बहुल BARMM क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दशकों तक चले विद्रोह और हिंसा के बाद यह चुनाव स्वशासन की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस चुनाव में करीब 24 लाख पंजीकृत मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और शांति निगरानी संगठनों के लिए भी यह चुनाव महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, यह देखना अहम होगा कि 2014 में मनीला सरकार और मुस्लिम अलगाववादी समूहों के बीच हुए शांति समझौते के तहत बनाई गई स्वायत्त व्यवस्था लोकतांत्रिक संस्थाओं के जरिए लंबे समय तक स्थिर रह पाती है या नहीं।
यह स्वायत्तता व्यवस्था उस लंबे संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से बनाई गई थी, जिसमें 1.20 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई और करीब 20 लाख लोग विस्थापित हुए।
राष्ट्रपति मार्कोस ने की मतदान की अपील
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने वीडियो संदेश के जरिए लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने चुनाव को BARMM में स्थायी शांति, लोकतांत्रिक शासन और वास्तविक आत्मनिर्णय की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
राष्ट्रपति ने इसे क्षेत्र और पूरे देश के लिए ‘ऐतिहासिक और निर्णायक क्षण’ करार देते हुए मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। चुनाव से पहले हुई गोलीबारी के बावजूद प्रशासन की प्राथमिकता मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा कराना है।