Dark Mode
राहुल गांधी ने ऊटी में आदिवासियों के साथ डांस किया

राहुल गांधी ने ऊटी में आदिवासियों के साथ डांस किया

सांसदी बहाल होने के बाद तमिलनाडु पहुंचे; यहां से अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड जाएंगे


वायनाड . कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिन (12 और 13 अगस्त) के लिए अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे पर जा रहे हैं। वे शनिवार को दिल्ली से निकले और सुबह 9:30 बजे कोयंबटूर पहुंचे। यहां से राहुल वायनाड के लिए रवाना हुए।

दोपहर करीब 2 बजे राहुल ने ऊटी के पास बसे मुथु नाडु गांव में टोडा आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात की। यहां लोगों ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। राहुल गांधी ने आदिवासियों के साथ डांस भी किया।

राहुल आज वायनाड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। सांसदी बहाल होने के बाद राहुल का यह पहला वायनाड दौरा है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के दौरे की जानकारी दी थी।

उन्होंने बताया था कि वायनाड के लोग इस बात से बहुत खुश हैं कि लोकतंत्र की जीत हुई है। उनकी आवाज संसद में वापस लौट आई है, राहुल सिर्फ उनके सांसद ही नहीं बल्कि परिवार के सदस्य जैसे हैं।सांसदी जाने के 16 दिन बाद वायनाड गए थे राहुल
इससे पहले राहुल गांधी सांसदी जाने के 16 दिन बाद 10 अप्रैल 2023 को वायनाड गए थे। तब उन्होंने यहां जनसभा में कहा था- मेरी संसद की सदस्यता छीन ली गई। मेरा घर छीन लिया, मेरे पीछे पुलिस लगा दी, लेकिन इन सबसे मुझे फर्क नहीं पड़ता है। वो मुझे जेल में भी डाल दें, फिर भी मैं सवाल पूछता रहूंगा।

वो लोग जितना दुष्ट बनना चाहें बनें, निर्दयी बनेंगे, मैं उतना ही सज्जन बनूंगा। भाजपा देश के सिर्फ एक विजन को पेश कर रही है, लेकिन हम देश के असली विजन को लेकर चल रहे हैं। वो मुझे जितना परेशान करेंगे, उससे पता चलेगा कि मैं सही राह पर हूं।
24 मार्च को राहुल की सांसदी गई थी
23 मार्च को अहमदाबाद की सेशन कोर्ट ने मोदी सरनेम मामले में राहुल को 2 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद 24 मार्च को उनकी सांसदी चली गई थी। 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता को सुनाई गई दो साल की सजा पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद उनकी सांसदी बहाल हो गई।संसद का मानसून सत्र 11 अगस्त को खत्म हो गया। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें मुख्य मुद्दा मणिपुर ही रहा। राहुल महज 20 मिनट बोले। राहुल ने सरकार पर सीधा आरोप लगाया कि PM मणिपुर को जलाना चाहते हैं, बचाना नहीं। संसद में 2 घंटे के अपने भाषण में वे मणिपुर पर सिर्फ 2 मिनट बोले। ये शोभा नहीं देता।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!