"विश्व हेपेटाइटिस दिवस" पर जिले में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन
जयपुर। जिला जयपुर द्वितीय में "विश्व हेपेटाइटिस दिवस" के अवसर पर विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही आमजन की स्क्रीनिंग के साथ ही हेपेटाइटिस से बचाव के बारे में जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि हेपेटाइटिस रोग के प्रति जनजागरूकता हेतु प्रतिवर्ष 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को हेपेटाइटिस रोग के विषय मे जागरूक किया गया।
चिकित्सा संस्थानों में रोगियों व उनके परिजनों को हेपेटाइटिस रोग की स्क्रीनिंग के साथ ही रोग से बचाव, लक्षण और उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इस मौके पर उन्हें समुचित पोषण युक्त खानपान और संयमित दिनचर्या के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस का वायरस लिवर को प्रभावित करता है। यह वायरस लिवर फेलियर समेत कई गंभीर बीमारियों को जन्म देता है। सतर्कता और सावधानी अपनाकर हेपेटाइटिस रोग से बचा जा सकता है।