ब्यावर : नागरिकों के सहयोग से शहर का समग्र विकास करेंगे
- जिला कलेक्टर कमल राम मीना नगर परिषद के प्रशासक का पदासीन
ब्यावर। ब्यावर जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने सोमवार को नगर परिषद के प्रशासक का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर कमल राम मीना ने पदभार संभालते ही नगर परिषद की प्राथमिकताएं तय कर दीं। उन्होंने कहा कि कार्यों में पारदर्शिता और जनसुनवाई को विशेष महत्व दिया जाएगा। शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। साथ ही बिजली आपूर्ति, सडक़ों की मरम्मत और सीवरेज की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। प्रशासक मीना ने नगर परिषद के लंबित कार्यों को गति देने का वादा किया है। भूमि पट्टों का वितरण और भवन निर्माण की स्वीकृतियां जल्द जारी की जाएंगी। नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद की टीम से समर्पण भाव से काम करने को कहा। मीना ने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नागरिकों के सहयोग से शहर का समग्र विकास किया जाएगा। नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए प्रशासक का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।