बूंदी : डॉ. सामर ने नव नियुक्त चिकित्सकों को दिए निर्देश
- मौसमी बीमारियों व विभागीय योजनाओं पर करें प्रभावी कार्य
बूंदी। जिले में नव नियुक्त 32 चिकित्सकों के लिए आयोजित आमुखीकरण कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर ने कहा कि सभी चिकित्सक अपने-अपने क्षेत्र में विभागीय योजनाओं और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौसमी बीमारियों पर सतर्कता बरतें- डॉ. सामर ने कहा कि वर्तमान समय में मौसमी बीमारियां तेजी से फैलती हैं, ऐसे में चिकित्सक समय पर रोकथाम और इलाज सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और बचाव उपायों के बारे में जानकारी देना आवश्यक है।
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी- कार्यशाला के दौरान नव नियुक्त चिकित्सकों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित समस्त कार्यक्रमों,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान,मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना सहित अनेक विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। डॉ. सामर ने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही जनहित के उद्देश्य को पूरा करेगा।
जिम्मेदारी और सेवा भाव से करें कार्य- सीएमएचओ डॉ सामर ने कहा कि चिकित्सक समाज में स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे सेवा भाव, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और जिले के स्वास्थ्य संकेतकों को और बेहतर बनाने में योगदान दें। डॉ. सामर ने स्पष्ट किया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए चिकित्सकों की भूमिका अहम है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर स्तर पर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचे और कोई भी आमजन स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।आमुखीकरण प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारी और एनएचएम यूनिट के कार्मिक मौजूद रहे।