Dark Mode
जयपुर में मिर्च पाउडर से हमला, लूट नाकाम, बदमाश दबोचे गए

जयपुर में मिर्च पाउडर से हमला, लूट नाकाम, बदमाश दबोचे गए

जयपुर। जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब नकाबपोश बदमाशों ने एक फैंसी स्टोर में घुसकर लूट की कोशिश की। बदमाशों ने पहले सामान खरीदने का नाटक किया और फिर अचानक दुकानदार पर हमला कर दिया।

गोविंदपुरा निवासी योगेंद्र प्रसाद शर्मा अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। दोनों ने मास्क लगा रखा था और अलग-अलग सामान की मांग करने लगे। दुकानदार ने उन्हें सामान दिया और उन्होंने भुगतान भी कर दिया, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।

कुछ देर बाद दोनों ने दोबारा सामान मांगा। जैसे ही दुकानदार काउंटर से सामान निकालने लगा, एक युवक ने उसके बाल पकड़ लिए और आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। वहीं दूसरे बदमाश ने भी हमला कर दिया। दोनों ने मिलकर दुकानदार को काबू में करने की कोशिश की।

बदमाशों ने जेब से चाकू निकालकर योगेंद्र पर वार किया, जिससे उनकी जैकेट कट गई। उनका इरादा दुकानदार को बंधक बनाकर लूटपाट करने का था। हालांकि दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खुद को घिरता देख बदमाश दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी छोड़कर भागने लगे। लोगों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से दो चाकू और मिर्च पाउडर बरामद हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!